भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव : कांग्रेस समर्थक सदस्यों ने बदला पाला, तत्काल प्रभाव से हटाया

भोपाल : भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हो गई है। दोपहर 12.15 बजे मंत्री भूपेंद्र सिंह कुछ सदस्यों को अपनी गाड़ी में लेकर पहुंचे। इस दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी आदि नेता उनकी गाड़ी के सामने आ गए। इसी बीच विधायक रामेश्वर शर्मा सदस्यों को लेकर अंदर चले गए। इनमें कांग्रेस के नौरंगी गुर्जर की पत्नी और जिपं सदस्य रामकुंवर गुर्जर भी थी। गुर्जर के पाला बदलने से अब चुनाव रोचक हो गए हैं। कांग्रेस ने गुर्जर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। मंत्री सिंह अंदर नहीं जा सके। इस बीच पुलिस ने गेट बंद कर दिया और कांग्रेसी बाहर ही रह गए। इसके चलते कांग्रेसियों ने आपत्ति जताई है। दिग्विजय सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस पर सरकार के दवाब में काम करने का आरोप लगाया है। इधर, बाहर खड़े कांग्रेसी नारेबाजी कर रहे हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद है। विधायक हुकुमसिंह कराड़ा, पीसी शर्मा, आरिफ मसूद भी मौजूद है।
Source : दैनिक भास्कर