सभी खबरें

लंबा काफ़िला, संदेश छोटा…जहां से गुज़रे CM बंद किए वहां के रास्ते, जाम में फंसे रहे लोग, उड़ी सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – सोमवार शाम को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद सड़कों पर खुली जीप में लोगों से मास्क पहनने की अपील करते नजर आए। कोरोना के विरूद्ध जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सीएम शिवराज 6 बजे बरखेड़ा क्षेत्र से खुले वाहन में निकले। जनता से अपील करते हुए महाराणा प्रताप नगर, 10 नंबर, बिट्टन मार्केट, न्यू मार्केट, बुधवारा, हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट आदि क्षेत्रों से होते हुए बैरागढ़ पहुंचे। 

इस दौरान जहां-जहां से उनका काफिला गुजरा वहां-वहां आम लोगों के लिए रास्ता बंद कर दिया गया। सीएम के काफिले के जाने वाले रास्ते पर भी पीछे से आ रहे आम वाहनों को रोका गया। इससे कई जगह ट्रैफिक जाम भी हुआ। कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में प्रशासन और पुलिस का अमला लगाया गया था। इसके लिए पहले से ही बैरिकेडिंग कर आम रास्तों को रोका गया। हालांकि पुलिस ने पहले से ट्रैफिक डायवर्सन की सूचना लोगों को नहीं दी थी।

वाहनों की नजर आई कतार 

दफ्तर और काम से छूटकर घर जाने वालों को परेशानी हुई। कई जगह पर लोगों को परिवर्तित मार्ग पर चलाए गया, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम हुआ। वाहनों की कतार नजर आई। ऑफिस से छूटने का समय होने के कारण लोग घर जाने की जल्दबाजी में दिखे। ऐसे में सीएम का काफिला गुजरने के बाद रास्ता खुलते ही ट्रैफिक जाम के हालात हो गए। कई जगहों पर लोग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहें। 

आनंद नगर से शुरू हुई सीएम की जागरूकता रैली


शिवराज ने जागरूकता रैली अभियान की शुरुआत आनंद नगर से की। यहां करीब 5 मिनट के कार्यक्रम के दौरान शिवराज ने लोगों से मास्क पहनने की अपील की। इसके बाद वे खुली जीप में रवाना हुए। उनके साथ गाड़ियों का काफिला होने से पुलिस ने आनंद नगर तिराहे से लेकर रत्नागिरी पेट्रोल पंप और पिपलानी पेट्रोल पंप तक जगह-जगह एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया। आनंद नगर से शिवराज बरखेड़ा मार्केट होते हुए एमपी नगर, 10 नंबर मार्केट, से विट्ठन मार्केट और न्यू मार्केट गए। इस दौरान भी यहां आम लोगों का एक तरफ का रास्ता रोक दिया गया। जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

काफ़िला लंबा, संदेश छोटा 

सीएम शिवराज के काफ़िले में गाड़ियों की कतरे चली। लगभग 20 से 25 गाड़ियों के काफिले के साथ निकले सीएम शिवराज ने अपने संदेश में लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील की। इसी दौरान आम लोगों को बेहद कठनाइयों का सामना करना पड़ा। 

भाजपा कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी ने खुद उड़ाई सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां 

कार्यक्रम के पहले पुलिस सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए लोगों से अपील करती रही। जगह-जगह गोले बनाए गए लोगों को खड़ा किया गया। लेकिन जैसे ही CM शिवराज सिंह चौहान मंच पर पहुंचे तो सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती नजर आई। लोग उनका वीडियो बनाने के लिए भीड़ लगाकर खड़े हैं और कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग नहीं दिखी। इसके पहले भाजपा कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी ही ग्रुप में खड़े होकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते दिखे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button