दिग्विजय के ‘हिंदुत्व’ वाले बयान पर जारी सियासी घमासान: सांसद प्रज्ञा ने कहा- इनकी वाणी में भरा है जहर

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले हिन्दुत्व की राजनीती शुरू हो गई है। बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस भी अब हिन्दुत्व की राजनीती कर रही है। हाल ही में कर्नाटक के हुबली में कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सॉफ्ट या हार्ड हिंदुत्व को लेकर एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा कि नरम और कड़क हिंदुत्व जैसी कोई चीज नहीं है, क्योंकि ‘हिन्दुत्व’ शब्द के लेखक विनायक दामोदर सावरकर हैं, और उन्होंने खुद भी कहा है कि हिन्दुत्व का हिन्दू धर्म, सनातन धर्म से कोई रिश्ता, नाता नहीं है। संविधान की शपथ लेकर काम करने वाला कोई भी व्यक्ति ‘हिन्दू राष्ट्र’ की बात करता है तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उसके बाद ही कुछ कहना चाहिए। वहीं उनके इस बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है।
इनकी वाणी में है जहर- सांसद प्रज्ञा
दिग्गी राजा के हिंदुत्व वाले बयान पर साध्वी प्रज्ञा सिंह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि देश हिंदू से पलता है, हिंदू राष्ट्र है और रहेगा। प्रज्ञा सिंह ने कहा हमारा देश सनातनी है। भारत इसलिए महान है क्योंकि हिंदू है, हिंदुत्व है। लेकिन यह कांग्रेसी ही भारत को तोड़ने का काम करते हैं। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कांग्रेस हिंदू विरोधी रही है और रहेगी, क्योंकि इनके मत स्पष्ट नहीं है। अब जनता इनका इस्तीफा करवा देगी, क्योंकि इनकी वाणी में जहर भरा है। हमारा देश इन्हें कभी माफ नही करेगा, क्योंकि यह आतंकवादियों का साथ देने वाले है।