काबुल की सड़कों पर भागती नजर आईं फिल्ममेकर, वायरल हुआ वीडियो

By: Anjali Kushwaha
अफगानिस्तान: अफगानिस्तान में हुए तालिबानी हमले के बाद दुनियाभर में लोग अफगानिस्तान की महिलाओं के लिए अपनी चिंता व्यक्त कर रहे हैं. तालिबान के आते ही वहां की महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए यहां-वहां भाग रही हैं. इस बीच अफगानिस्तान की मशहूर फिल्ममेकर सहारा करीमी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सहारा करीमी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, इस वीडियो में वह काबुल की सड़कों पर दौड़ती हुईं नजर आ रही हैं. फिल्ममेकर सहारा करीमी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए हुए अफगानिस्तान के हालातों से लोगों को अवगत करवाया. वीडियो के जरिए सहारा करीमी ने बताया कि 15 अगस्त को वह बैंक से पैसे निकालने पहुंची थीं, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी उन्हें पैसे नहीं मिले. इस बीच ही बैंक के बाहर गोलियां चलने की आवाज आई और बैंक के एक मैनेजर ने उनसे तुरंत वहां से निकलने के लिए कहा. मैनेजर ने उन्हें बताया कि तालिबानी बहुत ही नजदीक पहुंच चुके हैं, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द वहां से निकल जाना चाहिए. करीमी के मुताबिक, इसके बाद बैंक मैनेजर ने पिछला दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला और वो किसी तरह से वहां से भागने में सफल हुईं.
सहारा करीमी किसी तरह से अफगानिस्तान से बाहर निकल चुकी हैं. फिलहाल वो यूक्रेन की राजधानी कीव में हैं.
बता दें कि अफगानिस्तान के हालातों पर सहारा करीमी एक ओपन लेटर लिख चुकी हैं. जिसमें उन्होंने लिखा कि अफगानिस्तान के इस वक्त जो हालात हैं उन घटनाओं को डॉक्यूमेंटेशन किया जाना चाहिए, ताकि पूरी दुनिया ये देख सकें कि अफगानिस्तान के निवासी किस तरह के दर्द से गुजर रहे हैं. अपने इस खत में सहारा करीमी ने दुनियाभर की फिल्म कम्युनिटी से तालिबान के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया है.बता दें कि सहारा करीमी फिल्म निर्देशक होने के साथ-साथ अफगान फिल्म ओर्गेनाइजेशन की पहली महिला अध्यक्ष हैं.
देखिये वायरल वीडियो-




