सभी खबरें

अब सरकारी विभाग में भी कर्मचारियों का मास्क लगाना अनिवार्य नहीं लगाने पर जुर्माना

  • कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक

कलेक्टर वेदप्रकाश ने कहा है कि कोरोना से बचाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले में अभियान चलायें। सभी नगरीय क्षेत्रों में पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगवाये जायें। अनलॉक 1.0 के लिए तय की गई गाइड लाइन के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो। उन्होंने राजस्व, पुलिस और नगरीय निकाय के अधिकारी- कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभी कोरोना वायरस समाप्त नहीं हुआ है, इस आशय का संदेश लगातार प्रसारित करते रहें। यह सुनिश्चित किया जावे कि लोगों द्वारा मास्क का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जावे। वे अनावश्यक रूप से घर के बाहर नहीं निकले। जिले के नागरिक अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें। सरकारी अमला अगर मास्क नहीं लगाता है, तो उन पर जुर्माना लगाया जाये। जिले में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की सेंपलिंग प्राथमिकता से कराई जावे। जिले की फीवर क्लीनिक में सेंपल लिये जावें। कलेक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।

ऐसे व्यक्ति जिन्हें सर्दी- खांसी, गले में खराश, बुखार आदि के लक्षण दिखते हैं, तो वे टेलीमेडिसन नम्बर 07792- 235056 और सीएमएचओ के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम नम्बर 07792- 235005 पर फोन कर अपना नाम एवं अन्य जानकारी दें, ताकि कंट्रोल रूम द्वारा संबंधित व्यक्ति को उसके नजदीकी फीवर क्लीनिक की जानकारी दी जा सके। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि टेलीमेडिसन और स्वास्थ्य कंट्रोल रूम के टेलीफोन नम्बरों का प्रचार- प्रसार किया जावे। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि ब्लाक मेडिकल ऑफिसर बगैर किसी सूचना के किसी भी मरीज को जिला चिकित्सालय नहीं भेजें। बैठक में कलेक्टर ने जिले में कोरोना की प्रभावी तरीके से रोकथाम करने के लिए अधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किये।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अपर कलेक्टर श्री मनोज ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री केके भार्गव, सभी एसडीएम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनयू खान, सिविल सर्जन डॉ. अनीता अग्रवाल, ईई पीडब्ल्यूडी श्री आदित्य सोनी, सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

(संवाददाता दीपक अग्रवाल की रिपोर्ट)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button