सतना : उपार्जन केन्द्रों में जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, वे अधिकारी उपार्जन केन्द्रों में नियमित जाकर निरीक्षण करें

सतना से संवाददाता सैफी खान की रिपोर्ट
गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गेहूं उपार्जन संबंधी बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री ऋजु बाफना, आयुक्त नगर निगम श्री अमनवीर सिंह बैस, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सर्वश्री दिव्यांक सिंह, पीएस त्रिपाठी, एचके धुर्वे, सुरेश गुप्ता, सुश्री संस्कृति शर्मा, धीरेन्द्र सिंह, जेएल तिवारी उपस्थित थे।
बैठक में राजस्व अधिकारियों को बताया गया कि उपार्जन केन्द्रों में जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, वे अधिकारी उपार्जन केन्द्रों में नियमित जाकर निरीक्षण करें। किसान अथवा किसान के परिवार के व्यक्ति द्वारा लाया गया गेहूं ही खरीदा जाए। अन्य किसी व्यक्ति से गेहूं का उपार्जन नही किया जाए। यदि कोई व्यक्ति अथवा किसान ऐसा करता पाया जाता है तो संबंधित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए। संबंधित अधिकारी यह भी ध्यान रखें कि जिन किसानों को एसएमएस प्राप्त हुए हैं उन्ही किसानों से गेहूं की खरीदी की जाए। यह भी ध्यान रखें कि किसी भी किसान से पुराना अथवा पीडीएस का गेहूं नही खरीदें। इस कार्य में कड़ी निगरानी रखी जाए। खरीदे गए गेहूं को सुरक्षित भण्डारण तथा उठाव कराने के भी निर्देश दिए।
जिन किसानों को एसएमएस मिला और उनके द्वारा उस अवधि या तिथि को गेहूं नही बेचा गया, उन किसानों को पुनः एसएमएस प्राप्त होगा। प्राप्त एसएमएस के आधार पर ही गेहूं का उपार्जन करना सुनिश्चित करे। जो ग्राम कटेंनमेंट जोन में हैं, इस जोन के किसानों से गेहूं खरीदी की योजना बनाई जाकर गेहूं खरीदी की जाएगी। सभी पात्र किसानों का गेहूं उपार्जन किया जाएगा।
.jpeg)



