नईदिल्ली/भोपाल – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार रात को दिल्ली पहुंचे। बुधवार दोपहर उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की। दोनों की बैठक लगभग सवा घंटे चली। इसमें सरकार के कामकाज के साथ ही प्रदेश के राजनैतिक समीकरणों की भी चर्चा हुई।
चर्चा के बाद इस हाई प्रोफाइल मुलाकात की तस्वीर जारी हुई। जिसके बाद प्रदेश में बवाल मच गया। दरअसल, जो तस्वीर सामने आई उसमें
प्रधानमंत्री मोदी के बगल की कुर्सी खाली है और शिवराज कुछ दूरी पर सोफे पर बैठे हैं। इस तस्वीर के सामने आते ही कांग्रेस ने भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज पर जमकर निशाना साधना शुरु कर दिया।
इस फोटो को ट्वीट कर कांग्रेस ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम शिवराज के बीच दूरियां बढ़ गई हैं। यह तस्वीर से समझा जा सकता है। सरकार बदल गए हैं, सरकार बदलने वाली हैं।
कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने शिवराज का मोदी के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा कि यह समझ में नहीं आता है कि हमारे शिवराज जी को मोदी जी इतना नापसंद क्यों करते हैं। दूसरे नेताओं की तरह उन्हें भी पास की कुर्सी में क्यों नहीं बैठाते हैं। उन्हें हमेशा ही दूर क्यों रखते है? अब देखिये योगी जी से इतनी नाराज़गी होने के बाद भी उन्हें पास की कुर्सी पर बैठाया?







