
MP Elections 2023: पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, कांग्रेस अगर प्रदेश में सत्ता में आती है तो श्रीलंका में सीता माता मंदिर के निर्माण की परियोजना पर दोबारा काम कराएंगे। इसके अलावा उन्होंने कई और वादे किए, जिनमें ज्यादातर हिंदू समुदाय से संबंधित हैं।
पीसीसी चीफ ने कहा कि, नई सरकार राज्य में आस्था और संस्कृति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। कमलनाथ ने दशहरे के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए हिंदू पुजारियों के मानदेय में वृद्धि के अलावा उन्हें बीमा कवर प्रदान करने का भी वादा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर प्रमुख घोषणाएं कि, इनमें श्री राम वन गमन पथ का विकास (माना जाता है कि, भगवान राम ने यह मार्ग वन में अपने वनवास के दौरान अपनाया था), भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव को पवित्र तीर्थ स्थल घोषित करना, मुरैना में रविदास पीठ और रीवा में संत कबीर पीठ की स्थापना करना शामिल हैं।
कमलनाथ ने आगे कहा कि, सत्ता में आते हैं तो हम श्रवण कुमार मातृ-पितृ भक्ति योजना शुरू करेंगे, जिसके तहत दाह संस्कार और उसके बाद ‘अस्थि विसर्जन’ के अनुष्ठान के लिए दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और सर्व प्रार्थना स्थल के विकास का भी वादा किया, जहां गुरुओं की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि नई सरकार सभी धर्मों के धार्मिक स्थलों से ‘अतिक्रमण और अवैध कब्जे’ हटाएगी।
एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने धार्मिक स्थलों के रखरखाव और अन्य कार्यों में लगे पुजारियों और अन्य व्यक्तियों की आजीविका के संबंध में नियमों में सुधार करने का वादा करते हुए कहा कि, वैदिक शिक्षा प्रदान करने के लिए एक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही कमलनाथ ने आगे कहा कि, सरकार बीआर आंबेडकर के जन्मस्थान पर एक राष्ट्रीय स्मारक के विकास के अलावा महू में उन्हें समर्पित ‘मानवता की मूर्ति’ स्थापित करेगी. मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 17 नवंबर को होने हैं।