महाकाल की भस्मारती में शामिल हुए शिवकुमार, बोले- कर्नाटक की जीत के बाद कांग्रेस के लिए कुछ भी असंभव नहीं

उज्जैन। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार रविवार सुबह बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और फिर इंदौर के लिए रवाना हो गए।

महाकाल मंदिर के पुजारी द्वारा कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार द्वारा गर्भगृह में पूजन अर्चन करवाया गया। जिसके बाद उन्होंने नंदी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही। भस्मआरती के दौरान उनके साथ विधायक महेश परमार, विधायक जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल भी मौजूद थे।साथ ही डीके शिवकुमार ने कहा कि महाकाल के आशीर्वाद से ही कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनी है। डीके शिवकुमार कर्नाटक चुनाव के पहले उज्जैन महाकाल दर्शन करने आए थे और महाकाल से कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए मनोकामना करके गए थे।

मां पीताम्बरा के भी किए दर्शन

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शनिवार को चार्टर्ड प्लेन से दतिया पहुंचे थे। इस दौरान हेलीपैड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से वे सीधे पीताम्बरा पीठ पहुंचे और मां पीताम्बरा के दर्शन किए। उन्होंने यहां विशेष पूजा की और महाभारत कालीन वन खंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

डीके शिवकुमार के दतिया पहुंचने की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया था। कांग्रेस के कार्यकर्ता, पदाधिकारी कई वरिष्ठ नेता उनकी आगवानी करने के लिए पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री ने पीतांबरा पीठ स्थित सभी मंदिरों के दर्शन कर मां धूमावति के दरबार में भी माथा टेका। इस दौरान प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

मीडिया से चर्चा के दौरान शिवकुमार का बयान

उन्होंने कहा है कि जिस तरह से मध्यप्रदेश में ऑपरेशन लोटस के माध्यम से आम जनता द्वारा अपना वोट देकर चुनी हुई सरकार को गिराया गया, ठीक उसी तरह से कर्नाटक में भी ऑपरेशन लोटस चलाकर सरकार को गिराया गया था। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से सभी विपक्षी पार्टी खुशी हुई है। यह एक संदेश भी है कि दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है सब संभव है। जनता ने जिस पार्टी को अपना वोट देकर चुना था उसे ऑपरेशन लोटस के माध्यम से गिरा दिया गया था। ठीक इसी तरह से कर्नाटक में भी सरकार को गिरा दिया गया था, लेकिन यह डबल इंजन की सरकार राष्ट्रीय स्तर पर फेल हो चुकी है। आम जनता विकास के लिए परिवर्तन चाहती है।

Exit mobile version