सिंधिया के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा, दिया रविवार तक का समय, नहीं तो होगा आंदोलन, ये है पूरा मामला

मध्यप्रदेश/इंदौर – लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के शहर इंदौर में गुना में बदले गए नाम को लेकर विरोध शुरू हो गया हैं। दरअसल, गुना के देवी अहिल्याबाई होलकर चौराहे और सड़क का नाम बदलकर सिंधिया समर्थक मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के दादाजी स्व.सागर सिंह सिसौदिया के नाम पर कर दिया गया। जिसका विरोध अब इंदौर में शुरू हो गया हैं।
अहिल्या की नगरी के लोगों ने गुरुवार सुबह हृदय स्थल राजबाड़ा पर सर्व मराठी भाषी युवा संगठन के नेतृत्व में नाम बदलने का विरोध किया और अहिल्या प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन के साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया को सद्बुद्धि देने हेतु ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन के दौरान हाथो में एक बेनर लिया गया जिस पर देवी अहिल्या की तस्वीर थी और दूसरी जगह क्रॉस के निशान के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर थी वही बीच लिखा था कि देवी अहिल्याबाई होलकर जी सिंधिया को सद्बुद्धि दे।
प्रदर्शन के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया और मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। इतना ही नहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया और मंत्री महेंद्र सिसौदिया को चेतावनी दी गई कि रविवार तक चौराहे और सड़क का नाम देवी अहिल्याबाई होलकर के नाम नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा।
ज्ञात हो कि सोमवार को राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा नगर पालिक परिषद गुना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नामांकरण शिलालेख पट्टिका का अनावरण किया गया था। वहीं, गुना में दान में दी गई जमीन पर बने चौराहे का नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया था, जिसे बदलकर शिवराज सरकार में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के पिता सागर सिंह सिसोदिया के नाम पर दिया गया। जिसको लेकर कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ था। स्थानीय लोगों और पूर्व मालिक ने भी इस पर आपत्ति जताई थी।

.jpg)


