"पंजाब मेल" दो हिस्सों में बंटी, इंजन समेत 17 डिब्बे पहुंचे स्टेशन, 7 छूटे जंगल में, टला बड़ा हादसा

मध्यप्रदेश/हरदा – गुरुवार रात को हरदा रेलवे स्टेशन से पहले एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। फिरोजपुर से मुंबई जा रही पंजाब मेल अचानक दो हिस्सों में बंट गई। बताया जा रहा है कि कपलिंग टूटने के कारण ट्रैन दो हिस्सों में बंट गई। जिसके बाद इंजन समेत 17 डिब्बे स्टेशन तक पहुंच गए, जबकि 7 डिब्बे कुछ दूर पहले जंगल में ही छूट गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात 10 बजे हरदा रेलवे स्टेशन से 500 मीटर पहले एस-5 और एस -6 के बीच की कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंट गई।
ट्रेन के दो हिस्सों में बंटने की जानकारी होने पर एस-5 के यात्री ने झटका लगते ही चेन पुलिंग की। ग्वालियर से मुंबई जा रहे एक यात्री ने बताया कि अचानक ट्रेन को जोरदार झटका लगा। उन्हाेंने गेट से बाहर देखा तो ट्रेन दो हिस्सों में बंटी हुई थी। अगला हिस्सा उन्हें लेकर आगे जा रहा था। तत्काल चेन पुलिंग की। ट्रेन स्टेशन के ओवरब्रिज के पास जाकर रुक गई।
वहीं, एक अन्य यात्री ने बताया कि झटका इतना ज़ोर का था की बर्थ पर सोए कई यात्री गिर गए। कुछ को हाथ-पैर में और कुछ को अंदरूनी चोटें आई हैं। यात्री के अनुसार जंगल में छूटे 7 डिब्बों को लेने के लिए 17 डिब्बों को भी वापस लाया गया। इसके बाद करीब रात 10.45 बजे ट्रेन रवाना हुई।
उधर, हरदा के एएसएम रामेश्वर सिंह ने बताया पंजाब मेल के एस-5 बोगी की स्पेयर कपलिंग टूट गई थी। इसके कारण ट्रेन 35 मिनट देरी से रवाना हुई। रिपेयरिंग में कर्मचारियों को करीब 25 मिनट लगे।