मुरैना: दबंगों ने गरीब माँ-बेटे की पिटाई कर उनकी झोपड़ी में लगाई आग

- दबंगो ने जलाया गरीब माँ-बेटे का घर
- माँ-बेटे की लात-घूसों से की पिटाई
- जान से मारने की धमकी भी दी
मुरैना/अंजली कुशवाह: मध्य प्रदेश में बीते कई दिनों में गरीबों और लाचार लोगों से मारपीट के कई मामले सामने आ रहे हैं. शनिवार रात को मुरैना में कुछ दबंगों द्वारा एक गरीब लड़के व उसकी मां के साथ मारपीट करने का एक और मामला सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार दबंगों ने माँ-बेटे को गालियां देने के साथ उनकी लात-घूसों से मारपीट भी की. उसके बाद उनकी झोपड़ी में आग लगा दी. इस मौके पर जब लड़के के पिता व चाचा बचाने आये तो उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और चले गए.
गाली न देने के लिए बोला तो की मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, आकाश रजक पुत्र विष्णु रजक, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम देवरी पड़ाव ने अपनी मां ममता के साथ थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि राकेश उपाध्याय, अवधेश उपाध्याय व मोनू उपाध्याय उसके घर पर आए. उन्होंने आकाश को घर के बाहर बुलाया और उसे गालियां देने लगे और जब उन्होंने गालियां देने से मना किया तो उसकी लात-घूसों से पिटाई कर दी. बेटे को पिटता देख जब उसकी मां ममता बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगी तो उनको भी लात-घूंसो से मारा. इसके बाद भी वो लोग रुके नहीं उन तीनों ने उनकी झोपड़ी में आग लगा दी. इसी बीच आकाश के पिता विष्णु रजक व चाचा दशरथ ने आकर मां बेटों को बचाया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने इस मामले में गरीब मां-बेटे को मारने व उनकी झोपड़ी जलाने को लेकर आरोपियों के खिलाफ मारपीट व घर जलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही जरुरी
बता दें कि इस तरह से मारपीट की घटना का यह पहला मामला नहीं है. आए दिन घटनाएं घटित हो रही हैं. इस बात को लेकर पुलिस प्रशासन को समय-समय पर गरीबों द्वारा ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं. जरुरी हो गया हैं कि अब इन मामलों पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए.

.jpeg)


