
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में शिवसेना से बगावत करके गए एकनाथ शिंदे ने 30 जून को नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। जबकि देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इस नई सरकार को राज्य में 1 माह से ऊपर हो गया है, बावजूद इसके अब तक नए कैबिनेट का गठन नहीं किया गया हैं।
हालांकि, सीएम शिंदे ने 2 अगस्त को कहा था कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और शिवसेना के शिंदे खेमे के आठ-आठ सदस्य मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि गृह जैसे महत्वपूर्ण विभाग भाजपा के पास रहने की संभावना है।
दिल्ली में आला कामन से मिलेंगे फडणवीस
खबरों की मानें तो मंत्रिमंडल विस्तार से पहले देवेंद्र फडणवीस दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि 5 अगस्त को कैबिनेट का विस्तार हो जाएगा।
इस फॉर्मूले पर अटकी कहानी
मालूम हो कि सीएम एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने 30 जुलाई को अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। तब सूत्रों ने कहा था कि शिंदे मंत्रिमंडल विस्तार में 50-50 के फार्मूले पर अडिग थे, जबकि भाजपा 60-40 का फार्मूला चाहती है। सूत्रों ने यह भी कहा कि भाजपा को 27 कैबिनेट मंत्रालय मिलने की संभावना है जबकि शिंदे खेमे को 15 मंत्रालय मिलेंगे।
बहरहाल, अब देखना दिलचस्प हो गया है कि कैबिनेट का विस्तार कब होता है ओर किस खेमे को कितने पद मिलते है।