सभी खबरें

खंडवा लोकसभा सीट : अब ये होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार! नाम लगभग तय…अरुण यादव के राजी होते ही होगी घोषणा 

  • कांग्रेस ने तय किया खंडवा सीट से अपना उम्मीदवार 
  • जोबट-रैगांव सीट पर भी बनी नामों पर सहमति 
  • सब कुछ रहा ठीक तो आज हो जाएगा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान

भोपाल/खाईद जौहर : पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता अरुण यादव के खंडवा से चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद पार्टी ने अब पूर्व विधायक राज नारायण सिंह को उम्मीदवार बनाने का मन बना लिया है। बताया जा रहा है कि खंडवा सीट के लिए पूर्व विधायक राज नारायण सिंह और मौजूदा विधायक सचिन बिरला का नाम पैनल में रखा था। लेकिन पार्टी ने राज नारायण सिंह के नाम पर अपनी सहमति दे दी है। 

कहा जा रहा है कि राज नारायण सिंह, दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं और ऐसे में खंडवा सीट पर कांग्रेस की जीत का दारोमदार दिग्विजय सिंह पर होगा। वहीं, दूसरी तरफ अगर अरुण यादव, राजनारायण के नाम पर राजी होते हैं तो आज उनके नाम की घोषणा हो सकती है। 

इसके अलावा जोबट सीट पर भी उम्मीदवार लगभग तय कर लिया गया है। महेश पटेल यहां से उम्मीदवार हो सकते है। जबकि, रैगांव सीट पर भी 2 नाम का पैनल तैयार हुआ था, जिसमे कल्पना वर्मा और उषा चौधरी के नाम सामने आए थे। लेकिन जानकारी के मुताबिक अब पार्टी ने कल्पना वर्मा के नाम पर हरी झंडी दे दी है। 

वहीं, सूत्रों की मानें तो नामों का पैनल लेकर दिल्ली पहुंचे कमलनाथ ने पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद एक एक नाम पर सहमति बना ली है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो पार्टी बाकी बची 3 सीटों पर मंगलवार को उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देगी। 

इससे पहले पृथ्वीपुर सीट पर कांग्रेस पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे नितेन्द्र सिंह राठौर को अपना उम्मीदवार बना चुकी है। बाकी बची 3 सीटों पर आज उम्मीदवारों के नाम घोषित हो सकते हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button