इंदौर : सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में 60 हज़ार रुपए में एक बेड के सौदे का ऑडियो वायरल, मैनेजर पर केस दर्ज

मध्यप्रदेश/इंदौर – मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इंदौर जिले में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों ने शासन प्रशासन की चिंता को बढ़ा दिया हैं। शहर के अस्पतालों में बेड सहित ऑक्सीजन की भारी कमी देखी जा रही हैं। इतना ही नहीं इन सबके साथ साथ जीवनरक्षक माना जा रहा रेमडेसिविर इंजेक्शन की भी भारी कमी देखी जा रहीं हैं। कई मरीज़ ऑक्सीजन की कमी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। जबकी कई नए मरीज़ो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। नए मरीज़ों को अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे हैं।
इसी बीच इंदौर के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में कोरोना मरीज के लिए 60 हजार रुपए में एक बेड के सौदे का ऑडियो वायरल हुआ हैं। जिसके बाद यहां हंगामा मच गया। हंगामा मचा तो अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को जांच सौंप दी और देर शाम निजी कंपनी के फैसिलिटी मैनेजर गिरिजाशंकर यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। वहीं, ऑडियो वायरल होने पर कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने डीआईजी से इसकी जांच की मांग की।
सूत्रों का कहना है कि यादव और उसके साथी किसी मरीज के डिस्चार्ज होते ही नए मरीजों को पीछे के रास्ते से भर्ती कराने लगे थे। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि 8 अप्रैल को ह्यूमन सिक्योरिटी कंपनी को हाउस कीपिंग, सुरक्षा का ठेका दिया था। कंपनी के 150 कर्मचारी का मैनेजर गिरिजाशंकर यादव हैं। कुछ दिन पहले जब एक मरीज को डिस्चार्ज किया तो उसने व परिजन ने हंगामा किया कि 30 हजार रुपए देकर बेड लिया था, इतनी जल्दी डिस्चार्ज क्यों कर रहे हो। जिम्मेदारों ने परिजन से नाम पूछे तो उन्होंने चार-पांच नाम बताए, जिसमें यादव भी शामिल था। उस दिन जैसे-तैसे मामला सुलझा।
बताया जा रहा है कि ऑडियो से संबंधित कर्मचारी एयरपोर्ट रोड निवासी किसी डॉ. पीयूष के रिश्तेदार से बेड का सौदा करता सुनाई दे रहा हैं। कर्मचारी की तीन बार और उन्हीं लोगों से बात हुई और भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई। बता दे कि कोरोना मरीजों के साथ लूट का अमानवीय सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा हैं। हालही में रेमडेसिविर की कालाबाजारी के कई मामले सामने आ चुके हैं। ये मामला अभी थमा नहीं था कि अब सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में कोरोना मरीज के लिए 60 हजार रुपए में एक बेड के सौदेबाज़ी का मामला सामने आया हैं। जिससे जिले में हड़कंप मचा हुआ हैं।




