बिना अनुमति पाकिस्तान पहुंची भारतीय टीम , महासंघ ने दिए कानूनी कार्रवाई के संकेत !

भारत-पाकिस्तान के रिश्ते तल्ख़ हैं। ऐसे में वर्ल्ड कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान पहुंची जिसे लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।क्योंकि खेल मंत्री और राष्ट्रीय महासंघ ने यह दावा किया है कि उन्होंने किसी भी एथलीट को पड़ोसी देश यानी कि पाकिस्तान में भाग लेने की मंजूरी नहीं दी है। बता दें कि चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए भारतीय दल शनिवार को वाघा बॉर्डर के जरिए लाहौर पहुंचा। पहली बार पाकिस्तान में वर्ल्ड कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है।
बात अगर टूर्नामेंट की करें तो चैंपियनशिप का पहला मुकाबला लाहौर के पंजाब फुटबॉल स्टेडियम में खेला जाएगा और कुछ मैच फैसलाबाद और गुजरात में खेले जाएंगे। खेल मंत्रालय के सूत्र ने कहा कि सरकार ने किसी भी एथलीट को टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जाने की अनुमति नहीं दी है नाम नहीं बताने की शर्त पर खेल मंत्रालय के सूत्र ने कहा कि खेल मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने किसी भी टीम को अनुमति प्रदान नहीं की है जो किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व के लिए अनिवार्य होती है।
वहीं भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ के प्रशासक न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) एसपी गर्ग ने भी इस बात की पुष्टि की है की राष्ट्रीय टीम को पाकिस्तान जाने की मंजूरी नहीं दी गई है।उन्होंने आगे कहा कि हमें पाकिस्तान जाने वाली किसी भी कबड्डी टीम के बारे में कोई सूचना नहीं है। भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ द्वारा किसी भी टीम को पाकिस्तान जाने और वहां कबड्डी मैच खेलने की मंजूरी नहीं दी गई है।
सूत्र ने आगे कहा कि हमें भी इस मुद्दे के बारे में तभी पता चला जब इसके बारे में हमसे सूचना मांगी गई। भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ इस तरह की गतिविधि का समर्थन नहीं करता है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।विदेशी प्रतियोगिताओं में भागीदारी की प्रक्रिया में राष्ट्रीय महासंघ खेल मंत्रालय को सूचना देता है जो राजनीतिक मंजूरी के लिए विदेश मंत्रालय और सुरक्षा मंजूरी के लिए गृह मंत्रालय को लिखता है भले ही सरकार इस दल का खर्चा उठा रही हो या फिर नहीं।वहीं पाकिस्तान पंजाब के खेल मंत्री राय तैमूर खान भट्टी ने लाहौर के होटल में भारतीय दल का स्वागत किया। पाकिस्तान कबड्डी महासंघ के अधिकारियों ने भारतीय खिलाड़ियों को वागा बॉर्डर से पाकिस्तान पहुंचने के बाद फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया है। जिसके बाद उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर लाहौर के होटल में पहुंचाया गया।




