
भोपाल : मध्यप्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस में अंतर्कलह की खबरें सामने आने लगी है। चुनाव के मौसम में कांग्रेस में उथल-पुथल मची हुई है। अंदरखाने कुछ भी ठीक नहीं है। यह सब बात पीसीसी चीफ कमलनाथ की उस आंतरिक सर्वे रिपोर्ट के लीक होने पर कही जा रही है, जिसमें आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस नेताओं की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
इस मामलें में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि अगर पार्टी का आंतरिक सर्वे यदि होता है और उसे पार्टी का मुखिया करा रहा है। तो वो खुद तो ख़बरें लीक करेगा नहीं। पार्टी में एक धड़ा ऐसा है, इस तरह की प्लांटेड ख़बरें फैलाकर पार्टी के समर्पित नेताओं को डैमेज करना चाहता है। उन्होंने अपना ही नाम लेते हुए कहा सज्जन सिंह वर्मा को कैसे डैमेज किया जाए, बीजेपी और कांग्रेस के कुछ लोग मिलकर षड्यंत्र को जन्म दे रहे हैं।
इधर, प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी सज्जन सिंह वर्मा के इस बयान पर करार तंज कसा है।उन्होंने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा की – प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी की मिसाल इससे ज्यादा क्या मिलेगी! सज्जन सिंह वर्मा ने आखिरकार मान ही लिया की पार्टी के अंदर ही भीतरघात करने वाले मौजूद हैं। वैसे आपके 27 नहीं सारे ही विधायक हार रहे हैं। इस बार प्रदेश भाजपा की आँधी में कॉंग्रेस का सूपड़ा साफ़ होना तय है।