सभी खबरें

सीधी :- लॉक डाउन में 12 से 3 बजे की छूट में 12 बजते ही सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़

लॉक डाउन में दी गई 12 से 3 बजे की छूट में 12 बजते ही सीधी के सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़

सीधी से गौरव सिंह की रिपोर्ट :-  कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए पूरे देश के साथ ही सीधी जिले में भी जिला प्रशासन द्वारा लॉक डाउन घोषित किया गया है। इस दौरान लोगों को आवश्यक बस्तुओं की खरीददारी के लिए दोपहर 12 से 3 बजे तक यानि तीन घंटे की छूट प्रदाय की गई है। बुधवार 25 मार्च को दोपहर 12 बजते ही सीधी शहर के संजीवनी पालिका बाजार में सब्जियों व फलों की खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां व्यापारियों द्वारा बड़ी संख्या में फल व सब्जियों की दुकानें सजाई गई थीं। एक साथ सैकड़ों लोगों की भीड़ उमडऩे से संजीवनी पालिका बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई व्यापारी व आम लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षा कवच यानि मास्क आदि लगाकर भी खरीददारी करने नहीं गए थे। सब्जी मंडी में भारी भीड़ की सूचना मिलने पर यातायात प्रभारी भागवत प्रसाद पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को अव्यवस्था न फैलाने की समझाइश देने लगे। इस दौरान यातायात प्रभारी द्वारा लोगों व व्यापारियों को निर्धारित दूरी में सामान की खरीदी व विक्रय करने की समझाइश दी गई, साथ ही बिना मास्क लगाए पहुंचने वाले लोगों को वापस घर भेजा गया। 
बताते चलें कि संजीवनी पालिका बाजार परिसर में मंगलवार को सुबह से ही सब्जियों व फलों की खरीददारी के लिए भारी भीड़ जुट गई थी। इसी क्रम में बुधवार को तो प्रशासन द्वारा निर्धारित समय में दुकानें खुली लेकिन दोपहर 12 से 1 बजे के बीच एक साथ भारी भीड़ पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button