
उज्जैन। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अभी दो दिन मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ध्रुवीकरण के मुद्दे में नहीं पड़ना चाहती यह सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। मध्य प्रदेश में इस बार कांग्रेस की सरकार ही बनेगी। साथ ही कहा कि शिवराज सरकार ने कुछ नहीं किया है और इसका नतीजा उनको भुगतना ही होगा।
मध्य प्रदेश की जनता ने बनाया बदलाव का मन
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले चुनावों के मुद्दे पर शिवकुमार ने कहा कि मध्यप्रदेश में लोग पूरी तरह से बदलाव का मन बना चुके हैं। मैं भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी मप्र आए थे, तब यहां का माहौल देखा था। जनता पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है। लोग समझ गए हैं कि वर्तमान सरकार विफल हो गई है। उन्होंने कहा कि लोगों ने विपक्ष की भूमिका भी देखी है और इसी कारण कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ एमपी में सरकार बनाएगी।
शिवकुमार ने आगे कहा- ‘‘देखिए, हम भावनात्मक मुद्दों पर चर्चा न करें, हम केवल विकास के मुद्दों पर चर्चा करें। भावनात्मक मुद्दों का कोई मूल्य नहीं है और हमें याद रखना चाहिए कि भारत विविधताओं का देश है। हम किसी ध्रुवीकरण के मुद्दे पर नहीं जाना चाहते और हम यह भाजपा पर छोड़ते हैं।”
महाकालेश्वर मंदिर में लिया बाबा का आशीर्वाद
शिवकुमार ने आज यानी रविवार को सुबह महाकाल की नगरी उज्जैन में महाकालेश्वर की पूजा-अर्चना कर उन्होंने कहा कि महाकालेश्वर ने हमें कर्नाटक के लोगों की सेवा करने के लिए सरकार दी है, मैं यहां चुनाव से पहले भी आया था। बता दें कि पिछले महीने 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत हासिल की थी।