शिवराज सरकार के भ्रष्टाचार का डैम फूटा, आगे पता नहीं और कितने पुल-पुलिया और डैम बहेंगे : कमलनाथ

धार : धार ज़िले के कारम नदी पर बना क्षतिग्रस्त बांध इस समय प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ यहां पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। इसी दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए शिवराज सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाई साथ ही बड़ा हमला बोला।

कमलनाथ ने कहा कि यह डैम भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की निशानी है, उनकी एक बड़ी लापरवाही है। मैं आज ख़राब मौसम में यहाँ आया हूँ, यह देखने कि किस प्रकार शिवराज सरकार के भ्रष्टाचार का डैम फूटा है। इसके कारण कई बेकसूर लोगों को प्रभावित होना पड़ा है।

उन्होंने बताया कि इस डैम से धार के 12 और खरगोन के 8 गाँव प्रभावित हुए है, ज़्यादातर आदिवासी गांव है। कई प्रभावित किसानो से मिला, जिनकी फसल बह गई है, घर बह गए है और वो आज भी जंगल-जंगल भटक रहे है। सरकार ने इनके लिए कोई प्रबंध नहीं किए। यह शिवराज सरकार के भ्रष्टाचार का डैम फूटा है।

कमलनाथ ने कहा कि आज बड़ा सवाल यह है कि पानी निकालने की आवश्यकता क्यों पड़ी? सही ढंग से डैम का निर्माण होता तो यह आवश्यकता ही नहीं पड़ती। यह तो अभी पहली बारिश थी, आगे पता नहीं भ्रष्टाचार के कारण कितने पुल-पुलिया, डैम बहेंगे।

उन्होंने कहा की सभी जानते है कि इस बांध की मुख्य निर्माण कंपनी दिल्ली की थी। पेटी कांटैक्ट किसी और को दिया, यह सब पहले से ही तय था। उस सार्थक कम्पनी का मालिक कौन, पार्ट्नर कौन, इसका भी जल्द खुलासा होगा।

इतना ही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जांच कमेटी पर सवाल उठाते हुए कहा कहा कि जो जिम्मेदार लोग हैं, उन्हीं की कमेटी बनाकर सरकार इस पूरे भ्रष्टाचार पर लीपापोती का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज हर ठेके में भ्रष्टाचार है, जब तक भ्रष्टाचार ना हो, सौदा पूरा नहीं होता है। आज इतनी सारी योजनाएँ रुकी पड़ी है क्योंकि दलाली का सौदा पूरा नहीं हुआ है। हर ज़िले में भ्रष्टाचार की व्यवस्था इन्होंने बनाई हुई है। आज प्रदेश भ्रष्टाचार की पटरी पर चल रहा है।

उन्होंने कहा कि शिवराज और उनकी पूरी कैबिनेट यह सच्चाई जान चुकी है कि 14 माह बाद कांग्रेस की सरकार प्रदेश में आयेगी। इसलिये जो समेटना हो, समेट लो, लपेट लो। इस दौरान कमलनाथ ने एक बार फिर चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी सरकार आने पर हम किसी को भी छोड़ेंगे नहीं।

Exit mobile version