सभी खबरें

कांग्रेस ने इंदौर से महापौर पद के प्रत्याशी का किया ऐलान, विधायक संजय शुक्ला पर खेला दांव

इंदौर। मध्य प्रदेश में अभी तक नगरीय निकाय चुनाव के लिए तारीखों का भी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक दलों ने ज़ोरों-शोरों से अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। काँग्रेस ने बड़ी घोषणा करते हुए इंदौर से संजय शुक्ला को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। संजय शुक्ला वर्तमान मे इंदौर-1 विधानसभा सीट से काँग्रेस के विधायक हैं। कांग्रेस की तरफ से नगरीय निकाय चुनाव के लिए इंदौर की प्रभारी बनाई गई कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने इसकी घोषणा की।

विजय लक्ष्मी साधौ ने कहा कि “लोकप्रिय विधायक कहूं या भावी महापौर। मेरे भाई संजय शुक्ला इंदौर से मेयर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी होंगे। अब तक उनका नाम अघोषित था। लेकिन आज मैं उनके नाम की औपचारिक घोषणा करती हूं। जनता का सर्वे भी यही बोल रहा है की उन्हे ही इंदौर का महापौर बनना चाहिए।“

जानकारी के अनुसार संजय शुक्ला के कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों से अच्छे संबंध हैं। इसलिए दोनों ने उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने की सहमति दे दी थी। इसके अलावा पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, सज्जन सिंह वर्मा ने भी संजय शुक्ला के नाम पर सहमति जताई है। इसी वजह से विजयलक्ष्मी साधो ने उनके नाम की घोषणा की। बता दें की संजय शुक्ला 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सुदर्शन गुप्ता को हरा के पहली बार विधायक बने हैं। उनकी शहर मे अच्छी पकड़ मानी जाती है। साथ ही पार्टी के सभी नेताओं से उनके अच्छे संबंध भी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button