पीएम मोदी के कृष्ण जन्मभूमि दर्शन पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना

पीएम मोदी ने गुरुवार की शाम यूपी के मथुरा पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थान में दर्शन किया। इस दौरान पीएम परिसर में घूमने के बाद भगवान का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने मीराबाई जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने यहां पर अपने संबोधन में ब्रज के दर्शन को अपना सौभाग्य बताया। वहीं पीएम मोदी के इस दौरे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख व राज्य के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने तंज कसा है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, मेरे लिए इस समारोह में आना एक और वजह से विशेष है। उन्होंने कहा कि, भगवान कृष्ण से लेकर मीराबाई तक, ब्रज का गुजरात से एक अलग ही रिश्ता रहा है। मथुरा के कान्हा, गुजरात जाकर ही द्वारकाधीश बने थे। पीएम ने आगे कहा कि, राजस्थान से आकर मथुरा-वृन्दावन में प्रेम की धारा बहाने वाली संत मीराबाई जी ने भी अपना अंतिम जीवन द्वारिका में ही बिताया था। इस दौरान पीएम ने यह भी कहा कि, मीरा की भक्ति बिना वृंदावन पूरी नहीं होती है।

पीएम मोदी के ब्रज दर्शन पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि, पीएम मोदी पहली बार यहां आ रहे हैं। इसमें कौन सी बड़ी उपलब्धि है, ये तो नाकामी है। पूर्व सीएम यादव ने कहा कि, कई लोग हैं जो जन्म से मथुरा जा रहे हैं। कुछ ऐसे भी भक्त हैं जो हर महीने गोवर्धन की परिक्रमा लगाते हैं। चर्चा ऐसे लोगों की होनी चाहिए।

 

Exit mobile version