MP में चुनावी हुंकार भरने पहुंचे दिग्गज: पीएम मोदी महाकौशल तो प्रियंका गांधी मालवा निमाड़ में भरेंगी हुंकार

भोपाल। मध्यप्रदेश में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाकौशल तो वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव मालवा निमाड़ में हुंकार भरेंगी। दोनों ही दिग्गज विधानसभा चुनाव से पहले आदिवासियों को साधने की कोशिश में जुटे हुए है। पीएम मोदी रानी दुर्गावती के जरिए और प्रियंका गांधी टंट्या मामा के सहारे आदिवासी वोटर्स को साधेंगी।
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश में करीब 20 फीसदी आदिवासी है। जिनमें 47 सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित है। साथ ही 80 सीटों पर आदिवासी हार जीत का फैसला करते हैं। साल 2018 में 47 सीटों में से 29 सीटे कांग्रेस तो वहीं 17 सीट बीजेपी और एक निर्दलीय के खाते में गई थी।
भाजपा का फोकस महाकौशल पर है। यहीं कारण है कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के बैक टू बैक दौरे हुए। पीएम मोदी आज जबलपुर के दौरे पर आएंगे। जहां से वे आदिवासियों को साधने की कोशिश करेंगे। महाकौशल में कुल 38 विधानसभा सीट है।
राहुल गांधी के बाद प्रियंका लगाएंगी जोर
कांग्रेस पार्टी का फोकस मालवा निमाड़ पर है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व वर्तमान सांसद राहुल गांधी के बाद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मालवा में जोर लगाएंगी। आज वे धार जिले के दौरे पर आएंगी। मालवा निमाड़ में कुल 66 सीट है। साल 2018 के चुनाव में कांग्रेस को मालवा निमाड़ का साथ मिला था। 2018 के चुनाव में बीजेपी को महज 29 सीटें ही मिली थी।




