भोपाल : मंत्रियों के बंगले की सजावट में हुए करोड़ो खर्च, सीएम शिवराज सिंह का सबसे महंगा बंगला

भोपाल : मंत्रियों के बंगले की सजावट में हुए करोड़ो खर्च, सीएम शिवराज सिंह का सबसे महंगा बंगला
भोपाल/राजकमल पांडे। मंत्रियों के साज-सज्जा और व्यवस्था में सरकार जितना खर्च कर रही है, उतने पैसों से तो प्रदेश का बजट तैयार किया जा सकता है। मंत्रियों के बंगले सजाने में 10 महीने में 4.58 करोड़ से भी ज्यादा खर्च किए गए हैं। वहीं सबसे ज्यादा एक करोड़ रुपए सीएम हाउस पर खर्च हुए हैं। साथ ही 56 लाख रुपए पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले की साज-सज्जा में लगे हैं। और ये जानकारी विधानसभा में पांचीलाल मेड़ा के एक प्रश्न के उत्तर में सामने आई है। पीडब्ल्यूडी मंत्री भार्गव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों के बंगलों में 1 अप्रैल 2020 से 31 जनवरी 2021 तक साज-सज्जा में किए गए खर्च का ब्यौरा दिया। सीएम हाउस में बिजली के काम में 81 लाख से ज्यादा खर्च किए गए। वहां 18.52 लाख का सिविल वर्क हुआ है। मुख्यमंत्री के 74 बंगला स्थित एक अन्य बंगले बी-8 में 13.41 लाख का काम हुआ है। केवल सिविल वर्क देखा जाए तो मुख्यमंत्री निवास से ज्यादा काम गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बंगले पर हुआ है। इस दौरान सबसे कम मात्र 1495 रुपए का व्यय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया व पूर्व मंत्री इमरती देवी के बंगलों पर हुआ।


.jpeg)
.jpeg)
