
भोपाल : लंबे समय बाद मध्यप्रदेश में हुए नगरीय निकाय चुनाव में इस बार भाजपा को बड़ा झटका लगा है। एक समय जहां भाजपा का 16 नगर निगमों में कब्ज़ा था, वहीं अब उसके हाथ से 7 नगर निगम निकल गए हैं। जबकि, कांग्रेस जीरो से बढ़कर 5 पर पहुंच गई है। हालांकि, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नतीजों को उत्साह जनक बताया है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा की – नगरीय निकाय के परिणाम उत्साह जनक हैं, 255 नगर परिषद में से 231 में बीजेपी अपनी नगर सरकार बनाने जा रही है और 76 नगर पालिका में से 65 में बीजेपी अपना अध्यक्ष बनाएगी, नगर निगम में भी बीजेपी को बहुमत मिला है। कांग्रेस को महापौर में भले ही जीत मिली है लेकिन 90% पार्षद बीजेपी के जीते हैं।
वहीं, आज हो रहीं राष्ट्रपति चुनाव की गिनती पर कहा की – ऐतिहासिक जीत होगी, ऐतिहासिक पल होगा, देश में पहली बार जनजातीय वर्ग से कोई महिला देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचेगी और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने जिस तरीके से अंतरात्मा से मतदान की अपील की थी वह आज निकल कर भी आएंगे।
इस दौरान मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। ED द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ को लेकर उन्होंने कहा की – अपराध को कैसे उत्सव मनाया जाता है यह कांग्रेस से सीखो, थानेदार ने बुलाया है, जाकर बताना चाहिए, कांग्रेस ईडी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
जबकि, दिग्विजय सिंह को लेकर कहा की क्या वो जाकिर नाइक पर सवाल उठाएंगे? वह डोभाल पर ही सवाल उठा सकते हैं। दिग्विजय सिंह को जाकिर नाइक शांतिदूत नजर आते हैं।