
इंदौर। मध्य प्रदेश आगामी विधानसभा चुनाव के पास आते ही हड़ताल का दौर भी शुरू हो गया है। एक बार फिर इंदौर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर 5 दिन की तालाबदी हड़ताल पर चली गईं हैं। सोमवार को इंदौर के कलेक्टर कार्यालय के बाहर 2000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आपको बता दें कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपना मानदेय बढ़ाने के लिए सरकार से संघर्ष करती नजर आ रही हैं। लेकिन उनकी सुनवाई नही हो रही है। इसी के चलते नाराज कार्यकर्ताओं ने सोमवार से पांच दिवसीय तालाबंदी हड़ताल करने का निर्णय लिया है। इंदौर में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर ऑफिस के बाहर धरना दिया और मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ये है मांग
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनका प्रतिमाह मानदेय 10 हजार रुपए है, जिसमें उन्हें घर चलाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है और लगातार बढ़ती महंगाई के कारण अब वह अपने बच्चों को भी शिक्षित नहीं बना पा रही है। ऐसे में उनका मानदेय बढ़ाया जाए। अगर सरकार ने उनकी बात नहीं मानी तो आगामी चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।