तो Bharat Jodo Yatra के बाद कांग्रेस चलाएगी हाथ-पांव तोड़ो अभियान!

भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों सियासी घमासान जारी है। जिसके चलते कांग्रेस नेता विवादित और भड़काऊ बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला जबलपुर से सामने आया है, जहां 2 दिन पहले नियुक्त हुए कांग्रेस के जिला ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन ने कांग्रेस के ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के दौरान कहा कि ‘भारत जोड़ो’ हो गया’ हाथ जोड़ो’ हो गया और ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ भी हो गया है। इसके बावजूद भी अगर हमारी सुनवाई नहीं होती है, तो पूरे जबलपुर में अब ‘हाथ पाव तोड़ो यात्रा’ होगी। जैन के इस बयान के बाद खासा बवाल खड़ा हो गया है।

कांग्रेस का “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” शुरू
आपको बता दें कि जबलपुर के अधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौक में गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस ने “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” की शुरुआत की। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक विनय सक्सेना और महापौर जगत बहादुर अन्नू के साथ ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन शामिल हुए थे। उसी दौरान ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भड़काऊ भाषण दिया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल में हो रहा है।

राजमणि बघेल ने क्या कहा
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नीलेश जैन के विवादित बयान को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के ग्रामीण अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शहपुरा थाने पहुंच कर प्रदर्शन करते हुए बयान को लेकर (FIR) दर्ज कराई। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के ग्रामीण अध्यक्ष राजमणि बघेल ने कहा कि एक और कांग्रेस गांधीवादी विचारों पर चलने का दावा करती है, दूसरी और उनके नेता हिंसा की बात करते हैं। कांग्रेस के युवराज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालकर पूरे देश का भ्रमण कर रहे हैं, लेकिन उनके दिल में जनता के प्रति नफरत है। इसी कारण उनकी पार्टी के नेता हिंसात्मक बयान देकर शांति भंग करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।

पुलिस ने दी जानकारी
शहपुरा थाना प्रभारी श्याम लाल वर्मा ने जानकरी देते हुए बताया कि बीजेपी युवा मोर्चा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल की शिकायत की है कि कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष नीलेश जैन ने जनता को गुमराह करते हुए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया है। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, फ़िलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version