भाजपा से इस्तीफा देकर बैजनाथ सिंह ने की कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण, बोले- अब मैं अपने घर वापिस आ गया हूं

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों में चल रही जोड़ तोड़ की राजनीति में बुधवार को बैजनाथ सिंह यादव ने भोपाल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ फिर से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।

बता दें बैजनाथ सिंह यादव पहले कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। लेकिन जब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता दी तो यादव ने भी अपने पद से इस्तीफा देकर भाजपा ज्वाइन कर ली थी। बैजनाथ यादव ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक थे। इसी के चलते बैजनाथ सिंह यादव सिंधिया के साथ कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। लेकिन अब फिर से यादव ने कांग्रेस पार्टी को सदस्यता ग्रहण कर ली हैं।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चूंकि मुझे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। यही कारण था कि जैसे ही उन्हें पता चला कि सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ दी है तो उन्होंने भी भावावेश में कांग्रेस के कार्यकारी पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वह ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में चले भले ही गए थे लेकिन वहां काफी घुटन महसूस कर रहे थे। उनके अनुसार उनके पिता स्व. भीकम सिंह यादव कट्टर कांग्रेसी थे और उनका पूरा जीवन कांग्रेस में ही गुजरा, लेकिन अब एक बार फिर घर वापसी पर काफी राहत महसूस कर रहा हूं। बैजनाथ सिंह यादव के साथ बदरवास जनपद अध्यक्ष मीरा बाई सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Exit mobile version