MP के कई जिलों में बारिश, तापमान में आई गिरावट

MP के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र के कुछ हिस्सों में रविवार (26 नवंबर) को सर्दियों के मौसम की पहली बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार (27 नवंबर) के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का पुर्वानुमान करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र में ड्यूटी अधिकारी अशफाक हुसैन ने मीडिया से कहा कि राज्य के बड़वानी और झाबुआ में रविवार (26 नवंबर) को बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ के कारण इंदौर और उज्जैन मंडलों से बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश होने की सूचना है। उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल में रविवार शाम तक बारिश हो सकती है और सोमवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, पूरे राज्य में बारिश होगी। वहीं, मंगलवार (28 नवंबर) को बारिश में कमी आने की उम्मीद है।

प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार सुबह को हल्की फुल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरवाट दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूतमत तापमान में 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के रहने की संभावना है। पिछले साल इस दिन तापमान न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।

Exit mobile version