
भोपाल : मध्य प्रदेश में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मुस्कान ऑपरेशन में राजधानी भोपाल नंबर वन पर आया है। सीआईडी की एनालिसिंग रिपोर्ट में बच्चों को सबसे अधिक ढूंढने के मामले में भोपाल पुलिस सबसे आगे है। सीआईडी की रिपोर्ट में सामने आया है कि भोपाल पुलिस ने गुम हुए 118 बच्चों को ढूंढने में सफलता हासिल की है। यह आंकड़ा सबसे अधिक है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत साल 2009 से साल 2021 तक गुम हुए बच्चों को ढूंढा गया।
भोपाल के बाद इंदौर, जबलपुर, और ग्वालियर सहित दूसरे जिलों का नंबर आता है
वहीं, इस पुरे मामले पर एडीशनल एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत और मेहनत की जाएगी। ताकि, लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके। उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल में लापता बच्चों को ढूंढने में पुलिस की एक अलग टीम काम कर रही है। यह टीम थाना स्तर पर बनाई गई है और हर रोज इसकी मॉनिटरिंग और समीक्षा की जाती है। यही कारण है कि लगातार मॉनिटरिंग और सुपरविजन की वजह से शहर से लापता हुए बच्चों को प्रदेश ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों से भी वापस उनके परिजन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
राजधानी पुलिस ने 118 बालक बालिकाओं को दस्तयाब करने में हासिल की कामयाबी
गौरतलब है कि उन चेहरों पर मुस्कान लाने की कवायद प्रदेश में पुलिस ने शुरू की थी, जिनके चेहरे अपने गुम हुए बच्चों को बिना देखे मायूस थे। पुलिस ने इस ऑपरेशन को मुस्कान ऑपरेशन नाम दिया था। सभी जिलों में चलाए गए अभियान की रिपोर्ट सामने आई है। जिसमें सबसे पहले नम्बर पर भोपाल जिला है। यहां पुलिस ने सबसे ज्यादा बच्चों को दस्तयाब करने में कामयाबी हासिल की है। भोपाल के बाद इंदौर जबलपुर ग्वालियर समय दूसरे जिलों का नंबर आता है।