MP: बीजेपी के चुनावी हिन्दू बताने पर कमलनाथ का पलटवार, कहा- जो जैसी सोच रखता है वो वैसा ही दुनिया को देखता है

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी धर्म युद्ध लगातार जारी है! BJP के चुनावी हिन्दू बताने पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने पलटवार करते हुए कहा कि जो जैसी सोच रखता है वो वैसा ही दुनिया को देखता है। शिवराज जी आप चुनावी भक्त होंगे इसलिए आप दूसरों को चुनावी भक्ति में खोज रहे हैं। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा- शिवराज जी, जीवन में जो इंसान जैसा होता है, वो वैसी ही दृष्टि से बाहरी दुनिया को देख पाता है। निश्चित ही आप चुनावी भक्त होंगे, इसीलिए आप दूसरों में भी चुनावी भक्ति खोज रहे हैं, जीवन के हर पहलू को चुनाव के रंग से ही देख पा रहे हैं। आस्था और विश्वास, व्यक्ति की आंतरिक अनुभूति होती है, स्थाई होती है। मेरी आस्था आंतरिक है।

 

उन्होंने आगे कहा कि मेरी हनुमान भक्ति पर विचार करने के स्थानपर आप मध्य प्रदेश की जन-भक्ति पर विचार कीजिए, जो आपका संवैधानिक उत्तरदायित्व है और जन उपयोगी है। प्रदेश की जनता को ‘जनता भक्त’ सरकार चाहिए, भाजपा की ‘घोटाला भक्त’, ‘घोषणा भक्त’, ‘भ्रष्टाचार भक्त’, ‘अत्याचार भक्त’ और नौटंकी भक्त सरकार नहीं चाहिए। मध्यप्रदेश की जनता भाजपा सरकार को अंदर और बाहर से अच्छे से देख–समझ चुकी है, पलट जवाब देने के लिए केवल समय आने का इंतजार कर रही है।

Exit mobile version