
भोपाल : कांग्रेस पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव में स्थानीय स्तर पर गोपनीय वॉर रूम बना कर नई रणनीति पर काम शुरू किया। कई जगह पर कांग्रेस को सफलता हासिल हुई। यही वजह है कि अब माइक्रोमैनेजमेंट के लिए कांग्रेस पार्टी वार रूम का फार्मूला अपना रही है।
मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का नया वॉर रूम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह का घर होगा। वहां से प्रदेश भर में कांग्रेस की गतिविधियों और चुनावी प्लान पर नजर रखी जाएगी।
अब तक पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ के निवास से वॉर रूम के जरिए पूरे प्रदेश पर नजर रखी जाती थी। लेकिन नई रणनीति के तहत कांग्रेस पार्टी का नया वॉर रूम दिग्विजय सिंह के बड़े भाई लक्ष्मण सिंह का घर होगा।
जबकि, भोपाल में पीसीसी कमलनाथ का सरकारी आवास मास्टर वार्ड रूम होगा। इसके अलावा पार्टी संभागीय स्तर पर वार रूम तैयार कर पूरे प्रदेश पर पकड़ बनाएगी।
वहीं, कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि यह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की स्ट्रेटेजी का हिस्सा है। जल्द ही कांग्रेस के नए वार रूम बनकर तैयार होंगे जो चुनाव तक काम करेंगे।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2023 में जीत के लिए जोर लगा रही कांग्रेस अब नई रणनीति अपना रहीं हैं। उस ने क्षेत्रीय स्तर पर विधानसभा सीट जीतने के लिए प्लान तैयार किया है। इनके लिए अलग अलग वॉर रूम बनाए जाएंगे।