
इंदौर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को इंदौर के बेलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। जहाँ उन्होंने मंदिर में स्थित बावड़ी की छत गिरने से घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना। इसके बाद पटेल नगर स्थित मृतकों के परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। शोकाकुल परिवार के लोगों ने कमलनाथ के सामने अपना दर्द बयां किया। वहीं क्षेत्रीय रहवासियों ने कमलनाथ से कहा कि हमें यह मंदिर नहीं चाहिए, जब भी मंदिर की घंटी बजेगी। मृतकों के परिजनों को दुख पहुंचेगा। रहवासियों ने स्थानीय नेताओं के दबाव और प्रभाव के खिलाफ भी कमलनाथ के सामने खोला मोर्चा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और इसके साथ ही अवैध अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाना चाहिए। कमलनाथ ने रेस्क्यू ऑपरेशन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सेना को जल्द सूचना दी जाती तो और भी कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
बता दें कि इंदौर के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर्व पर गुरुवार को श्रद्धालु बड़ी संख्या में पूजा के लिए पहुंचे थे। पूजा के दौरान ही मंदिर परिसर में स्थित पुरानी बावड़ी की छत धंसक गई, जिससे आधा सैकड़ा से अधिक लोग नीचे गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में 36 लोगों की जान चली गई। सभी मृतकों के शव को रस्क्यू कर बावड़ी से बाहर निकाल लिया गया है।