शिवराज सरकार को कमलनाथ की चुनौती: आप 18 वर्षों का हिसाब दें, मैं 15 महीनों का हिसाब दूंगा

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस तैयारी में जुट गई है। दोनों ही पार्टी के नेता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शुक्रवार को टीकमगढ़ पहुंचे। जहाँ उन्होंने एक आयोजन में शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप सबका धन्यवाद, जो इतनी ठंड में बड़ी संख्या में यहां उपस्थित हुए। आपने मुझे बल और शक्ति दी, टीकमगढ़ आकर मुझे बहुत खुशी हुई। लेकिन टीकमगढ़ में समस्याओं का अंबार लगा हुआ हैं। इस बात से बड़ा दुःख होता है। यहां 18 सालों के भाजपा शासनकाल के बाद भी समस्या खत्म नहीं हुई हैं। टीकमगढ़ जो कि बुंदेलखंड के लिए बड़ा महत्व रखता है, उसके बावजूद टीकमगढ़ इतना उपेक्षित क्यों रहा है, इस बात का जवाब शिवराज सिंह जी को देना चाहिए। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनौती देते हुए कहा कि मैं शिवराज सिंह को खुले मंच पर बहस की चुनौती देता हूं, वे जनता को 18 वर्षों का हिसाब दें, मैं 15 महीने का हिसाब दूंगा।

बुंदेली लहजे में किया राम राम
साथ ही कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज पहली प्राथमिकता होगी। कर्मचारियों के लिए पेंशन बहाली की बात तो मैं पहले ही कह चुका हूं। इस दौरान कमलनाथ ने बड़े मस्त अंदाज में बुंदेली लहजे में ‘‘दोई हाथ जोड़कर सबको राम राम’’ करते हुये सभा को संबोधित किया।

वहीं निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि मैं यहां महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अमर सिंह राठौर जी को नमन करने और प्रणाम करने के लिए आज पृथ्वीपुर आया हूं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का दुख है कि जो खेल आयोजन उनके नाम पर 41 साल से चल रहा था, उसे आज भाजपा ने साजिशन होने नही दिया, यह केवल स्वर्गीय अमर सिंह राठौर जी का अपमान नहीं यह प्रदेश के सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान है।

Exit mobile version