
भोपाल : हालही में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह ने बीते दिनों में हुई साम्प्रदायिक हिंसा की घटनाओं को लेकर कहा कि उन्हें ऐसी सूचनाएं मिली है कि गरीब मुस्लिम लड़कों को पैसे देकर पत्थर फिकवाए जाते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे इसकी सत्यता की जांच करा रहे हैं।
दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश में बवाल मच गया था। भाजपा उनके इस बयान पर जमकर पलटवार कर रही है। इसी बीच अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। दरअसल, अभी जम्मू कश्मीर में भी पत्थरबाज पकड़े गए है। ऐसे में दिग्विजय सिंह के बयान को अड़े हाथों लेते हुए वीडी शर्मा ने कहा कि मेरे ख्याल से उनको ट्रेनिंग देने का काम दिग्विजय सिंह ने ही किया होगा।
बता दें कि बुधवार को वीडी शर्मा क्रिसेंट रिसोर्ट स्थित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान जब मीडिया ने दिग्विजय सिंह के आरोपों को लेकर उनसे चर्चा की तो उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह इन बातों में पारंगत हैं। वे मीडिया में छाए रहने के लिए इस प्रकार के अनर्गल आरोप लगाते हैं।