.jpg)
भोपाल:
भोपाल के शाहपुरा के बाबा नगर में बुधवार देर रात एक फ़ूड डिलीवरी बॉय को तीन लोगों ने कार से अगवा कर मारपीट की और उसके बाद सिर पर तलवार से हमला कर फरार हो गए| घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक घायल के परिजन उसे अस्पताल लेकर जा चुके थे| इस हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है| पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है|
शाहपुरा पुलिस के अनुसार बाबा नगर शाहपुरा में 22 साल का हरीश प्रजापति अपने परिवार के साथ रहता है। वह फूड डिलीवरी का काम करता है। बुधवार रात वह फूड डिलीवरी देने जा रहा था तब कोलार के सर्वधर्म के पास कार में बैठे धमेंद्र मीणा, गोविंद मालवीय और आरके मिश्रा उर्फ लाले ने उसकी बाइक के सामने कार को अड़ाकर रोक लिया। आरोपियों ने हरीश के साथ मारपीट कर उसे जबरन कार में बिठा लिया और रास्ते भर उसे डंडे और मुक्कों से मारपीट करते रहे। आरोपियों के पास तलवार, चाकू जैसे धारदार हथियार थे। वह उसे रास्तेभर डराते-धमकाते रहे। बाद में उसे बाबा नगर के पास सुनसान स्थान पर कार से उतार दिया। वहा उसके साथ फिर मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपियों ने उसके सिर पर तलवार से प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए|
एसआइ खान ने बताया कि हरीश का बयान दर्ज किया गया हैं, जिसमे उसका कहना है कि तीनों आरोपियों ने कार से उसे अगवा किया जिसके बाद बाबा नगर में मारपीट की। बाद में गोविंद मालवीय नाम के व्यक्ति ने उसके सिर में तलवार मार दी। इससे वह जमीन पर गिर गया था, उसके सिर से खून निकल रहा था, वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए| आरोपियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है की इस जानलेवा हमले का कारण पुरानी रंजिश है, डिलीवरी बॉय के भाई पवन का छह माह पहले आरोपियों से विवाद हुआ था तब पवन ने उनके साथ मारपीट की थी जिसकी वजह से उन्होंने ये जानलेवा हमला किया | मामले में जांच जारी है|