
भोपाल : मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के MSME मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा ने राजनीति में परिवारवाद को लेकर ऐसा कुछ कह दिया जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी के साथ वायरल हो रहा है। मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा ने कहा कि परिवारवाद का अर्थ बहुत सिंपल है, जिसके परिवार से कोई पिछले पांच सात साल से सक्रीय ना हो, उसको सीधा अवसर नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आज बहुत से नेता जैसे गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय के बेटे कई वर्षों से जमीन पर फुलटाइम काम कर रहे हैं तो क्या उनका टिकट सिर्फ इसीलिए कट जायेगा। जबकि एक सामान्य नागरिक के नाते उनका भी अधिकार हैं।
वहीं, मंत्री द्वारा ये बयान सामने आते ही कांग्रेस ने इसे लपकने में ज़रा भी देर नहीं करी। कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने उनके वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए करारा निशाना साधा।
नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट करते हुए लिखा की – प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे, शिवराज सरकार के वर्तमान मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा, मोदी जी के परिवारवाद के निर्णय को खुली चुनौती दे रहे हैं। इनके मुताबिक़ नरेन्द्र तोमर, नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र परिवारवाद की श्रेणी में नहीं आते। तो क्या फिर स्व.नंदू भैया, प्रभात झा, शिवराज जी के पुत्र ही परिवार वाद की श्रेणी में आते है…? परिवारवाद की परिभाषा प्रदेश में भाजपा अपने हिसाब से गढ़ रही है और मोदी जी को खुली चुनौती दे रही है।
गौरतलब है कि राजनीति में परिवारवाद पर पीएम नरेंद्र मोदी स्पष्ट कह चुके हैं कि वे इसके पक्ष में बिलकुल नहीं है। लेकिन शिवराज सरकार के मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा ने इसपर बयान देकर पीएम मोदी की मंशा पर सवाल उठा दिए है।