कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव : ये नाम चर्चा में, अशोक गहलोत पर लग सकती है मुहर! अटकलें तेज़

नई दिल्ली : साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने हार की ज़िम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से इस्तीफा दे दिया है। राहुल गांधी ने जब अध्यक्ष पद छोड़ा था तब पार्टी के लिए गैर गांधी अध्यक्ष की वकालत की थी। इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक का नाम अध्यक्ष पद के लिए नाम सामने आया था। लेकिन कई बाकी नेताओं ने सोनिया गांधी से गुजारिश कर उनको अंतरिम अध्यक्ष बनने के लिए राजी कर लिया।

अब एक बार फिर अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस पार्टी में सियासी घमासान मचा हुआ है। राहुल गांधी को एक बार फिर अध्यक्ष बनाने की मांग उठी है। लेकिन पार्टी सूत्रों बताते है कि राहुल गांधी अब भी कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने में हिचकिचा रहे हैं। वहीं, संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, सितंबर/अक्टूबर में नया अध्यक्ष चुने जाने की समय सीमा तय की गई है, लेकिन राहुल ने अब तक स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।

द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक अधिकतर कांग्रेसियों का मानना ​​है कि राहुल गांधी को अंततः अध्यक्ष पद स्वीकार करना ही होगा। पार्टी नेतृत्व के मुद्दे को एक ठोस तरीके से निपटाने का न केवल कांग्रेस के लिए, बल्कि विपक्ष के भाजपा विरोधी मोर्चे के लिए भी निहितार्थ हैं। लेकिन अगर राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए सहमत नहीं होते हैं, तो इस बात की संभावना है कि या तो सोनिया गांधी पार्टी प्रमुख बनी रहेंगी या किसी अन्य वरिष्ठ नेता को, जो गांधी परिवार का करीबी हो, उसे यह पद संभालने के लिए तैयार किया जाएगा।

इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है की अगर राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने से इनकार करते हैं तो पार्टी अशोक गहलोत को कांग्रेस अध्यक्ष बना सकती है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को एक बार फिर प्रबल संभावना के रूप में देखा जा रहा है, तो कुछ कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश की ओर भी इशारा कर रहे हैं।

जबकि, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे के नाम पर चर्चा हुई है। लेकिन मल्लिकार्जुन खड़गे, मुकुल वासनिक के नामों को लेकर भी अटकलें हैं। लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार की भी चर्चा हो रही है।

लेकिन ख़बरों की मानें तो पार्टी अशोक गहलोत के नाम पर भी विचार कर रही है। हालांकि अशोक गहलोत राजस्थान के CM का पद नहीं छोड़ना चाहते। लेकिन पार्टी में मंथन जारी है और राहुल गांधी को मनाने की कोशिश होगी। लेकिन राहुल गांधी फाइनल तौर पर इंकार करते हैं तो राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना पर मंथन हो रहा है।

Exit mobile version