
भोपाल: गोद देने से मना किया तो कर लिया बच्ची को किडनैप…
भोपाल में तीन साल की बच्ची की किडनैपिंग का मामला सामने आया है| मामला पिपलानी थाना क्षेत्र का है, आपको बता दें की आरोपी दंपती बच्ची को खिलाने के बहाने ले गए, इसके बाद वापस नहीं लौटे। दरअसल, आरोपी पड़ोस में रहने वाली बच्ची को गोद लेना चाहते थे, लेकिन बच्ची की मां ने मना कर दिया। इससे पहले करीब 8 महीने तक माता-पिता की सहमति से आरोपी दंपती ने बच्ची को अपने पास रखा भी था। देर रात माता-पिता ने पिपलानी थाने में FIR दर्ज कराई।
एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि SOS पुलिया के पास रहने वाले अजय धुर्वे मजदूरी करते हैं, उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका दोस्त और पड़ोसी राजा उर्फ सलमान उनकी तीन साल की बेटी प्रीति धुर्वे को शुक्रवार सुबह अपने साथ खिलाने के बहाने घर ले गया था| जब रात होने पर वे प्रीति को लेकर वापस नहीं आए, तो अजय राजा के घर पहुंचा| वहां उसे मकान खाली मिला। पूरा सामान लेकर सभी गायब थे। तलाश करने के बाद जब राजा और प्रीति का पता नहीं चला, तो अजय ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
अजय ने बताया कि आरोपी राजा की शादी के काफी समय के बाद भी संतान नहीं हुई थी इसलिए वह प्रीति को गोद लेना चाहता था। इससे पहले वह अजय और उसकी पत्नी की सहमति से प्रीति को अपने घर पर करीब 8 महीने तक रखे रहा। लेकिन जब बच्ची की मां ने बेटी को गोद देने से मना कर दिया तो पड़ोसी राजा और उसकी पत्नी ने बच्ची का अपहरण कर लिया। हालांकि अजय बेटी को गोद देने के पक्ष में था। इसे लेकर विवाद हुआ, तो वे बेटी को राजा के घर से लेकर आ गए था।
पुलिस के मुताबिक दोनों परिवार शहडोल के रहने वाले हैं। पिपलानी में करीब 5 साल से रह रहे हैं। उनके बीच पारिवारिक संबंध भी अच्छे हैं। इसी कारण अजय राजा को बेटी गोद देने के लिए तैयार हो गया था। पुलिस मामले की जाँच कर रही है|