
भोपाल : राजधानी भोपाल में भीषण गर्मी के बीच लोकशिक्षण संचालनालय के बाहर OBC के चयनित शिक्षकों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है।
ओबीसी वर्ग के 2000 अभ्यर्थी पिछले 4 साल से अपनी जॉइनिंग की मांग कर रहे है। लेकिन अभी तक उन्हे नियुक्ति नहीं मिली है, परेशान अभ्यर्थियों का लोक शिक्षण संचनालय के बाहर धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। बीते 40 दिनों से ये चयनित शिक्षक स्कूल शिक्षा विभाग से नियुक्ति देने की मांग कर रहे है।
वहीं, लू के प्रकोप के बीच आमरण अनशन पर बैठे ओबीसी वर्ग के चयनित शिक्षकों की तबितय लगातार बिगड़ रही है। अब तक अनशन पर बैठे 7 शिक्षकों की तबियत खऱाब हुई। जिसके चलते शिक्षकों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
जॉइनिंग नहीं मिलने के कारण ज्यादातर अभ्यर्थियों को आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना के दैार से गुजरना पड़ रहा है।
अन्य पिछड़ा वर्ग से चयनित शिक्षकों का आरोप है कि ओबीसी के 13 प्रतिशत पद होल्ड करने के संबंध में किसी भी न्यायालय का लिखित स्थगन आदेश विभाग के पास नहीं है और न ही किसी वरिष्ठ कार्यालय से कोई रोक है। साढ़े छह हजार से अधिक पद खाली होने के बावजूद भी प्रतीक्षा सूची और होल्ड अभ्यर्थियों की पदस्थापना सूची जारी नहीं की गई है, जिससे ओबीसी के चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।
हैरान करने वाली बात यह है कि धरने पर बैठे OBC के चयनित शिक्षकों की आंखों से नींद गायब है। उनकी खुली आंखों में सिर्फ नौकरी का सपना है। 42 डिग्री की तपिश में अनशन पर बैठे उम्मीदवार न पानी पी रहे हैं, न खाना खा रहे हैं। जिससे उनकी तबीयत दिनों दिन बिगड़ती जा रही है।