
भोपाल : मध्यप्रदेश में अलग अलग वर्ग अपनी अपनी मांगों या फिर किसी और कारण को लेकर सरकार के खिलाफ या तो विरोध प्रदर्शन कर रहा है या फिर कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल पर जा रहे है। इसी बीच शुक्रवार को राजधानी भोपाल में BHEL (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) के ठेका श्रमिकों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तो किया ही, साथ ही हड़ताल पर जाने की भी चेतावनी दी हैं।
बता दे कि BHEL (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) के ठेका श्रमिकों द्वारा सैलरी कम करने और बिना कारण के ही बाहर निकाले जाने के विरोध में दिनभर धरना प्रदर्शन किया और प्रबंधन को हड़ताल की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि श्रमिक सुबह से ही धरने में बैठे। शिफ्ट छूटते ही वे धरनास्थल पर पहुंचे। उनका समर्थन कई संगठनों ने किया है।
भेल में कार्यरत सभी वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट ठेका श्रमिकों ने गेट नंबर-5 के सामने धरना दिया। इसमें श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया, भेल मैनेजमेंट और ठेकेदार मिलकर श्रमिकों को काम से निकाल रहे हैं। 16 जून से अब तक 500 से ज्यादा श्रमिकों को बगैर कारण के काम से बाहर कर दिया गया है। वहीं, श्रमिकों का वेतन भी 1500 से 2000 रुपये तक प्रतिमाह कम कर दिया है। आगामी दिनों में 20% श्रमिकों को और निकाला जा सकता है, इसलिए शुक्रवार को श्रमिकों ने प्रदर्शन किया।