
भोपाल : शनिवार सुबह न्यू मार्केट इलाके में उस समय बवाल मच गया जब नगर निगम की टीम वहां अतिक्रमण कर फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई करने पहुंची।
इस दौरान नगर निगम की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को लात-घूंसों से पीटा, साथ ही अतिक्रमण प्रभारी कमर शाकिब को थप्पड़ मारा और उनके साथ झूमाझटकी कर जान से मारने की धमकी भी दी।
कहा जा रहा है कि जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई तो अल्ताफ, मनोज और एजाज ने विवाद शुरू कर दिया। और अतिक्रमण प्रभारी आकाश मिश्रा, राजीव व नावेद के साथ भी मारपीट और झूमाझटकी की गई।
प्रभारी शाकिब ने बताया कि न्यू मार्केट के हॉकर्स कॉर्नर में माफिया प्रवृत्ति के लोग हैं। 3 अगस्त को भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। तब क्षेत्र के अतिक्रमण प्रभारी नासिर खान पर भी हमला किया था।
वहीं, हमले से गुस्साए नगर निगम कर्मचारी टीटी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने हमला करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद प्रभारी शाकिब की रिपोर्ट पर अल्ताफ, एजाज बैग और मनोज लोधी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया और दो लोगों को हिरासत में लिया है।
बता दे कि पिछले 17 दिनों में नगर निगम कर्मचारियों पर हमले की ये दूसरी घटना है।