भोपाल: गांजा पीने से रोका तो युवक की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी पप्पू चटका हैं कुख्यात बदमाश

- पंचशील नगर में घटित वारदात
- कुख्यात बदमाश हैं पप्पू चटका
- युवक के घर के नीचे गांजा पी रहे थे आरोपी
- युवक के रोकने पर मारपीट के बाद किया चाकू से हमला
भोपाल: भोपाल के पंचशील नगर से देर रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया हैं. ये घटना शनिवार रात की हैं. करीब डेढ़ बजे रात को कुख्यात बदमाश हसीन कुरैशी उर्फ पप्पू चटका ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक रात में डेढ़ बजे पप्पू चटका अपने पांच साथियों के साथ मिलकर मृतक युवक के घर के नीचे गांजा पी रहा था. युवक ने जब वहाँ गांजा पीने से रोका तो पप्पू चटका उसके साथ मारपीट करने लगा और बाद में चाकू से हमला कर दिया.
क्या हैं पूरा मामला
टीटी नगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जनता क्वार्टर पंचशील नगर निवासी शाहिद खान (27) गैस चूल्हा रिपेयरिंग का काम करता था. उसके भाई सलमान ने बताया कि शनिवार को मेरी बहन गुड्डो खान के घर खाने का आयोजन था.जिसमें शाहिद भी शामिल थे.रात करीब डेढ़ बजे पप्पू चटका अपने पांच साथियों हनुमान बच्चा, राजीव उर्फ छुटकू, ऋतिक उर्फ धनिया व एक अन्य बदमाश के साथ सड़क पर खड़े होकर चिलम से गांजा पीते हुए हंगामा कर रहे थे. शोर सुनकर शाहिद पहुंचे.
शाहिद ने इन्हें गांजा पीने व घर के सामने हंगामा करने से मना किया. जिसको लेकर विवाद हो गया. आरोपी शाहिद को मारने लगे. शाहिद की चीख सुनकर जब तक हम लोग पहुंचते इससे पहले पप्पू चटका ने चाकू निकालकर शाहिद के सीने पर वार कर दिया. चाकू लगने से शाहिद सड़क पर गिर गया. हम लोग तुरंत ही शाहिद को अस्पताल लेकर पहुंचे.जहां, डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया. सलमान नने बताया कि आरोपी पहले से ही शराब का नशा कर रखे थे. इसके बाद गांजा पी रहे थे. पुलिस ने पप्पू चटका समेत उसके चार साथियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है.
कुख्यात बदमाश हैं पप्पू चटका
मिली जानकारी के अनुसार पप्पू चटका टीटी नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है. वह पुलिस पर भी हमला कर चुका है. इसके अलावा कई गैंगवार की घटनाओं से दहशत फैला चुका है. दो साल पहले उसने स्पोर्टस् कारोबारी कोहली पर हमला कर लूट की थी. सालभर पहले वह जेल से रिहा हुआ था. उसके खिलाफ 22 गंभीर अपराध भोपाल के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं.




