उन्मुक्त चंद के बाद एक और भारतीय खिलाड़ी ने की संन्यास की घोषणा

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, रिषभ पंत, और शिखर धवन के साथ दिल्ली की टीम से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मनन शर्मा ने भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अजय शर्मा के बेटे मनन अब अमेरिका के कैलिफोर्निया जाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि ये खिलाड़ी भी अमेरिका के लिए क्रिकेट खेलते नजर आ सकता है। ऐसा ही कुछ 2012 की अंडर 19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान उन्मुक्त चंद ने किया था, जो अमेरिका में क्रिकेट खेलने लगे हैं।
30 वर्षीय मनन 2010 की अंडर-19 टीम इंडिया का हिस्सा थे, जिसमें केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, और जयदेव उनादकट जैसे खिलाड़ी शामिल थे। इन सभी खिलाड़ियों को भारत के लिए खेलने का मौका मिला, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज और बायें हाथ के स्पिनर मनन शर्मा को कभी टीम इंडिया में जगह नहीं मिल पाई। ऐसा भी नहीं है कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया हो या फिर वे भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक औसत दर्जे के खिलाड़ी रहे हों, क्योंकि आंकड़े भी गवाह हैं कि वे दमदार क्रिकेटर हैं।
आईए जानते हैं प्रथम श्रेणी के आंकड़े
मनन शर्मा ने 35 प्रथम श्रेणी मैचों में एक शतक और आठ अर्धशतक के सहारे 1208 रन बनाए हैं। हालांकि, अच्छी बात ये है कि उन्होंने 113 विकेट भी प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने नाम किए हैं। इसके अलावा 59 लिस्ट ए (वनडे) मैचों में उन्होंने 560 रन बनाए और 78 विकेट भी चटकाए हैं। 26 टी-20 मैचों में उनके नाम 131 रन और 32 विकेट हैं। दिल्ली के लिए मनन ने आखिरी मैच लिस्ट ए क्रिकेट में अक्टूबर 2019 में खेला था। दो साल से उनको भारत की घरेलू क्रिकेट में भी मौका नहीं मिल पाया है।


.jpeg)

