स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मातम में बदलीं, ग्वालियर में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के दौरान क्रेन टूटने से हुई तीन की मौत

ग्वालियर/स्वाति वाणी:-
देश में स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले मध्यप्रदेश के ग्वालियर से दर्दनाक हादसा हुआ| जहां स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के दौरान फायर ब्रिगेड की हाइड्रोलिक मशीन टूट गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। वहीं हादसे में घायल लोगों को स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुला कर नजदीकी जिला अस्पताल में भेजा |
स्थानीय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, जानकारी के अनुसार पोस्ट ऑफिस बिल्डिंग पर स्वतंत्रता दिवस के लिए झंडे की डोरी बदली जा रही थी| कर्मचारी नगर निगम की हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड की ट्रॉली में बैठकर झंडा लगाने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक जैक उखड़ने से क्रेन टूट गई, जिसमे 3 लोगो की मौत हो गई| बता दें कि मृतकों में नगर निगम का एक चौकीदार और दो फायरकर्मी शामिल हैं. वहीं घायलों में एक फायर ब्रिगेड का चालक है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है|
वहीं इस हादसे के बाद वहां उपस्थित भीड़ आक्रोशित हो गई और प्रदर्शन करने लगी| वहीं कुछ देर बाद जब घटनास्थल पर प्रभारी नगर निगम के आयुक्त मुकुल गुप्ता पहुंचे तो भीड़ में से एक शख्स ने चांटा लगा दिया| इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप से निगम अधिकारियों को वहां से सुरक्षित निकाला गया|
इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर दुख जताया है| उन्होंने लिखा कि ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस पर मशीन अनलोड करते समय हुई दुर्घटना में 3 कर्मचारियों के निधन व 3 लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को संबल देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं| ॐ शांति
.jpeg)

.jpeg)

