सभी खबरें

हालात चिंताजनक : महज़ 24 घंटे के अंदर "MP" देश का 7वां सबसे ज़्यादा कोरोना संक्रमित प्रदेश बना, पंजाब को छोड़ा पीछे

मध्यप्रदेश/भोपाल – मध्य प्रदेश में कोरोना दिन पर दिन बेकाबू होता नजर आ रहा हैं। कोरोना संक्रमण के मामले में एमपी देश में सातवें स्थान पर पहुंच गया हैं। सिर्फ 24 घंटे में उसने पंजाब को पीछे छोड़कर यह स्थान हासिल किया। अब उससे ऊपर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उप्र, दिल्ली और तमिलनाडु हैं। कोरोना संक्रमण के मामले में एक दिन पहले तक मध्यप्रदेश देश में 8वां सबसे संक्रमित राज्य था। लेकिन सोमवार को मप्र में 3398 नए संक्रमित मिलने के बाद अब मप्र 7वें स्थान पर आ गया हैं।

हालात अब सबको डरा रहे हैं। सरकार बार-बार लोगों से जागरुक रहने की अपील कर रही है और अब वो किल कोरोना-II अभियान शुरू करेगी। बता दे कि राजधानी भोपाल और इंदौर कोरोना हॉटस्पॉट बने हुए हैं। 7 दिन में इंदौर का औसत पॉजिटिविटी रेट 15 जबकि भोपाल का 19 पर पहुंच गया हैं। सोमवार को इंदौर में 788 नये प्रकरण आए हैं जबकि भोपाल में 549 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा जबलपुर में 286, ग्वालियर में 146, उज्जैन में 98, रतलाम में 85, खरगोन में 75, बड़वानी में 73, कटनी में 65, छिंदवाड़ा में 62, बैतूल और नरसिंहपुर में 61, सिवनी में 56 और शाजापुर में कोरोना के 51 नये मरीज मिले हैं। प्रदेश के 23 जिलों में कोरोना के नये पेशेंट्स की संख्या 50 से 20 के बीच में है और 15 जिलों में यह संख्या 20 से नीचे हैं। 

बताते चले की भोपाल में सोमवार को 17 कोविड मरीजों का अंतिम संस्कार हुआ। जबकि सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ दो मौतें दर्ज हैं। सरकार पर मौतों के आंकड़े छिपाने के आरोप लग रहे हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग के एसीएस मोहम्मद सुलेमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम सौ फीसदी गारंटी नहीं देते कि हमारे द्वारा बताए गए आंकड़े एकदम सही ही होंगे, क्योंकि अब अस्पतालों की संख्या बढ़ गई और हमें सभी अस्पतालों में कोविड से होने वाली मौतों का पूरा आंकड़ा नहीं मिल पा रहा हैं। 

सड़कों पर उतरे सीएम शिवराज, की मास्क पहनने की अपील 

मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम को शहर में 21 किमी घूमकर 28 जगह लोगों से मास्क पहनने के लिए अपील की। अभियान की शुरुआत आनंद नगर से हुई और वहां से सीएम का काफिला एमपी नगर, राॅयल मार्केट और बैरागढ़ पहुंचा। इस दौरान सीएम माइक लेकर लोगों से मास्क पहनने और सुरक्षित रहने की अपील करते नजर आए। 

आज खुले आसमान के नीचे से चलेगी सरकार 

आज सीएम शिवराज ‘स्वास्थ्य आग्रह’ करेंगे। दोपहर 12:30 बजे से अगले 24 घंटे तक भोपाल के मिंटो हॉल में बनी गांधी प्रतिमा के पास खुले आसमान के नीचे बैठेंगे। यहीं से सरकार के सभी काम करेंगे। बता दें कि प्रदेश में शायद पहली बार होगा, जब सरकार खुले मैदान से चलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button